ग्राम पलेवा का पौधारोपण अभियान बना मिसाल, जिला पंचायत सदस्य तेजेश्वरी गब्बर सिन्हा ने की सराहना

चरामा (कांकेर)। ग्राम पंचायत पलेवा द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से चलाए जा रहे वृहद पौधारोपण अभियान की जिला पंचायत सदस्य तेजेश्वरी गब्बर सिन्हा ने मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत पलेवा ने हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जो पहल की है, वह अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायक है।

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पलेवा परिसर में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं तेजेश्वरी गब्बर सिन्हा ने कहा कि “हरियाली है तो खुशहाली है” केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने ग्राम पंचायत पलेवा के सरपंच घनश्याम जुर्री, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस प्रकार पूरे गांव ने एकजुट होकर पौधारोपण अभियान को जनभागीदारी का रूप दिया है, वह अनुकरणीय है। उन्होंने ग्रामीणों से लगाए गए पौधों को गोद लेकर उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह भी किया।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य चिंताराम साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जी.एस. कंवरे, वरिष्ठ करारोपण अधिकारी दिलदार मरकाम, डिप्टी रेंजर ए.के. नागवंशी, उपसरपंच हेमंत कुमार कुंजाम, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शाला परिसर एवं ग्राम के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर सरपंच घनश्याम जुर्री ने कहा कि ग्राम पंचायत पलेवा भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियान लगातार चलाती रहेगी, ताकि गांव को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाया जा सके।

डिजिटलCG संवाददाता
जनभागीदारी से सफल हुआ ग्राम पलेवा का यह पौधारोपण अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बनकर उभरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *