चरामा (कांकेर)। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ग्राम निर्माण के उद्देश्य से ग्राम पंचायत पलेवा के सौजन्य से शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पलेवा परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि तेजेश्वरी गब्बर सिन्हा (जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र क्रमांक-5, कांकेर) तथा चिंताराम साहू (जनपद सदस्य, क्षेत्र क्रमांक-17, चरामा) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जी.एस. कंवरे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत चरामा एवं दिलदार मरकाम, वरिष्ठ करारोपण अधिकारी, जनपद पंचायत चरामा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता घनश्याम जुर्री, सरपंच ग्राम पंचायत पलेवा ने की। अतिथि के रूप में ए.के. नागवंशी (डिप्टी रेंजर) एवं हेमंत कुमार कुंजाम, उपसरपंच ग्राम पंचायत पलेवा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने शाला परिसर में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद ग्राम के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भी पौधे लगाए गए। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि “हरियाली है तो खुशहाली है” केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने ग्रामीणों से पौधों को केवल लगाने तक सीमित न रहकर उन्हें गोद लेकर नियमित देखभाल एवं संरक्षण करने की अपील की।
सरपंच घनश्याम जुर्री ने कहा कि ग्राम पंचायत पलेवा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने ग्रामवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम पंचायत पलेवा के समस्त पंचगण, वरिष्ठ नागरिक, युवा प्रभाग पलेवा, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पलेवा के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। ग्रामीणों ने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर चलाने का संकल्प लिया।
