पलेवा। क्षेत्र में इन दिनों जंगली जानवरों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला पलेवा गांव का है, जहां बुधवार सुबह करीब 5 बजे घर से बाहर निकलते ही एक महिला पर चार भालुओं ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीण विमला सिन्हा, पति गोकुल सिन्हा बुधवार सुबह करीब 5 बजे अपने घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान अचानक चार भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला को संभलने का मौका नहीं मिला और भालुओं ने उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया।
हमले में महिला के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और सिर से काफी मात्रा में खून बहने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला को बचाने का प्रयास किया। घटना के बाद पूरे गांव में भय और चिंता का माहौल है।
मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखने तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है। आए दिन वन्यप्राणी गांव और उसके आसपास दिखाई देने से लोगों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव के आसपास गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने की मांग की है।
कुछ दिन पहले स्कूल परिसर में दिखा था तेंदुआ
पलेवा क्षेत्र में वन्यप्राणियों की बढ़ती गतिविधियों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ दिन पहले स्कूल परिसर में भी तेंदुआ दिखाई देने की बात सामने आई थी। स्कूल परिसर में तेंदुआ देखे जाने के बाद विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में भी चिंता का माहौल बन गया था।
अब महिला पर चार भालुओं के हमले की घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते वन्यजीवों की आवाजाही को नियंत्रित नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा की मांग
लगातार जंगली जानवरों के गांव के आसपास दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सुबह और शाम के समय लोग घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरत रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि गांव के आसपास नियमित गश्त की जाए और वन्यप्राणियों की मौजूदगी वाले स्थानों को चिन्हित कर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाएं।
फिलहाल घायल महिला का उपचार के लिए एम्बुलेंस बुलाई गई है । वन विभाग की टीम घटना की जानकारी जुटाने के साथ-साथ क्षेत्र में भालुओं की मौजूदगी और उनकी गतिविधियों की निगरानी कर रही है।
