जगदलपुर छत्तीसगढ़ और ओडिशा में लगातार हो रही बारिश का असर अब प्रमुख जलाशयों पर भी दिखने लगा है। हीराकुंड बांध में जलस्तर बढ़ने के चलते रविवार सुबह स्लुइस गेट नंबर 7 को खोलकर पानी छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद स्थिति को देखते हुए कुल 12 गेट खोल दिए गए ताकि जलस्तर नियंत्रित किया जा सके।
बांध नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह 9 बजे जल स्तर 609.54 फीट रिकॉर्ड किया गया। जलस्तर के तेजी से बढ़ने के कारण इस मानसून सीजन का पहला बाढ़ का पानी बांध से छोड़ा गया है।
जल प्रवाह का विवरण:
प्रवाहित जल मात्रा: 1,30,028 क्यूसेक निर्गम जल मात्रा: 38,164 क्यूसेक पावर चैनल हेतु (बिजली उत्पादन): 34,313 क्यूसेक सिंचाई हेतु: 3,223 क्यूसेक बरगढ़ मुख्य नहर – 2,755 क्यूसेक सासन मुख्य नहर – 400 क्यूसेक संबलपुर डिस्ट्रीब्यूटरी – 68 क्यूसेक औद्योगिक इकाइयों हेतु आपूर्ति: 234 क्यूसेक
अधिकारियों की चेतावनी और तैयारी:
बांध प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और ज़रूरत पड़ने पर और गेट खोले जा सकते हैं। आसपास के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।